महुदा। विश्व माहवारी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को स्वाभिमान संस्था के कार्यालय प्रांगण पारजोरिया में किशोरियों के साथ जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ माहवारी एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस अवसर पर स्वच्छता पर चर्चा की गयी। रमा कुमारी ने कहा कि माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है। किशोरियों को सेनेटरी पैड के उपयोग के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि यदि किसी कारणवश कपड़े का इस्तेमाल करना पड़े तो साफ कपड़े का ही उपयोग करें तथा उसे गर्म पानी से धोकर धूप में अच्छी तरह सुखाने के बाद ही इस्तेमाल करें। इस दौरान संगीता देवी ने संस्था की ओर से सभी किशोरियों के बीच सेनेटरी पैड वितरित किया और नियमित रूप से इसके उपयोग के लिए प्रेरित किया। संस्था की सचिव सुषमा देवी ने कहा कि माहवारी कोई बीमारी नहीं है, बल्कि यह महिलाओं और किशोरियों की प्राकृतिक प्रक्रिया है। इस दौरान किशोरियों को स्वच्छ भोजन, स्वच्छ पानी एवं पर्याप्त आराम की आवश्यकता होती है। परिवार के सदस्यों को भी इस समय उनका विशेष ध्यान रखना चाहिए।कार्यक्रम के अंत में भुनेश्वरी देवी ने सभी उपस्थित लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। मौके पर डोना कुमारी, बबीता महतो, शिवानी कुमारी, सोनी कुमारी, अंजली कुमारी, आशा कुमारी, रानी कुमारी, सीमा कुमारी, छोटी कुमारी, प्रियंका कुमारी समेत कई महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित थीं।
