झरिया (धनबाद)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर नया प्राथमिक विद्यालय 4 नंबर सब्जी बगान, झरिया के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक अनोखी और दिल छू लेने वाली पहल की। स्कूली बच्चों ने झरिया थाना पहुंचकर वहां तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।शिक्षकों के मार्गदर्शन में पहुंचे बच्चों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा में मुस्तैद रहते हैं। ऐसे में उन्हें ‘भाई’ मानकर राखी बांधना उनके लिए बेहद गर्व की बात है। जवानों ने भी बच्चों को दुलारते हुए आशीर्वाद दिया और मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया।

थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से आम जनता और पुलिस के बीच आत्मीयता व विश्वास बढ़ता है, साथ ही बच्चों के मन में पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में सामाजिक सौहार्द और सुरक्षाकर्मियों के प्रति सम्मान की भावना जगाना है।कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक संजय कुमार प्रजापति और विक्रम कुमार केशरी की मुख्य भूमिका रही। राखी बांधने वाले बच्चों में गुनगुन कुमारी, लाडली कुमारी, छोटी कुमारी, संध्या कुमारी, आराध्या कुमारी, रोशनी कुमारी और आरोही कुमारी शामिल थीं। अंत में सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
