झरिया, 29 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झरिया नगर की ओर से लालबाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में गुरु पूर्णिमा उत्सव धूमधाम से मनाया गया।कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य शिक्षक द्वारा भगवा ध्वज फहराकर की गई, जिसे स्वयंसेवक अपना सर्वोच्च गुरु मानते हैं। इसके बाद झरिया नगर संघचालक डॉ. देवकीनंदन पांडे एवं बौद्धिक प्रमुख अधिवक्ता हरीश कुमार जोशी ने भगवा ध्वज का पूजन कर गुरुदक्षिणा अर्पित की। साथ ही, आद्य सरसंघचालक डॉ. केशवराव बलिराव हेडगेवार और परम पूजनीय ‘श्री गुरुजी’ माधवराव सदाशिवराव गोलवलकर के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया।समारोह में स्वयंसेवकों द्वारा सामूहिक व व्यक्तिगत गीत, अमृत वचन और सुभाषित का पाठ किया गया। मुख्य वक्ता बौद्धिक प्रमुख हरीश कुमार जोशी ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवा ध्वज का महत्व संघ ने किसी व्यक्ति के बजाय भगवा ध्वज को अपना गुरु माना है, जो त्याग और समर्पण का प्रतीक है। स्वयंसेवकों द्वारा अर्पित गुरुदक्षिणा से ही प्रचारकों के प्रवास और संघ की विभिन्न गतिविधियों का संचालन होता है। संघ प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, सेवा भाव और उच्च चरित्र निर्माण का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर झरिया नगर के स्वयंसेवकों ने पंक्तिबद्ध होकर भगवा ध्वज का पूजन किया और गुरुदक्षिणा समर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर कार्यवाह दयानंद शर्मा, बलदेव पांडे, रामश्रेष्ठ झा, राजेंद्र केशरी, अजीत गुप्ता, राजेंद्र साव, विश्वनाथ साव, अनूप लिल्हा, नीरज पांडे, अशोक बरनवाल, गिरजाजी, डॉ. राजकुमार अग्रवाल, अजय वर्मा, गोरेलाल, अशोक अग्रवाल, इंद्रजीत सिंह सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन संघ की प्रार्थना ‘नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे’ के साथ हुआ, जिसके उपरांत सभी के बीच प्रसाद स्वरूप मिठाई बांटी गई।
