महुदा। धनबाद-बोकारो फोरलेन मार्ग के धनबाद लेन स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के समीप बारिश होने से ओवरब्रिज पर जल जमाव हो गया है। जल जमाव के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में वाहन चालकों ने बताया कि ओवरब्रिज पर जल निकासी के लिए बनाया गया रास्ता कचरे से जाम हो गया है। उनका कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की जिम्मेदारी है कि ऐसे स्थानों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए, लेकिन सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी बाधित हो रही है और सड़क पर पानी जमा हो जा रहा है।

लोगों ने बताया कि सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण वहां से गुजरने वाले वाहनों के छींटे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों पर पड़ रहे हैं। वहीं हल्की बारिश में भी सड़क समतल नहीं रहने के कारण कई जगहों पर पानी जमा हो रहा है। विशेष रूप से चार पहिया वाहन गुजरने के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।वाहन चालकों ने विभाग से मांग की है कि जल जमाव वाले स्थानों को समतल कराया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दोपहिया वाहन चालक भी सुरक्षित तरीके से सड़क पर आवागमन कर सकें।
