महुदा। तेज आंधी और बारिश के कारण कुमारडीह बस्ती में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आंधी के दौरान 11 हजार वोल्ट का बिजली खंभा क्षतिग्रस्त हो जाने से पिछले चार दिनों से पूरे इलाके में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि आंधी-बारिश के दौरान बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद से इलाके की बिजली काट दी गई। घटना की जानकारी बिजली विभाग को तुरंत दे दी गई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बावजूद अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। बिजली नहीं रहने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों की पढ़ाई, पेयजल व्यवस्था और रात के समय हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल चार्ज करने के लिए उन्हें दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं गर्मी और उमस भरे मौसम में बिना बिजली के लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाने से चोरी और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है। कई लोगों ने कहा कि विभाग के अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जल्द क्षतिग्रस्त खंभे को बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
