वार्ता के बाद शांत हुआ मामला
मधुबन। गोविंदपुर एरिया-3 के अंतर्गत खरखरी कोलियरी स्थित खरखरी चानक परिसर में सोमवार को खरखरी बस्ती के ग्रामीणों ने लो-वोल्टेज की समस्या और पानी की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए चानक का घेराव किया। ग्रामीणों और रैयतों ने मजदूर नेता शेख डब्लू के नेतृत्व में यह घेराव किया। इस दौरान उग्र ग्रामीणों ने खरखरी चानक में कार्यरत विद्युत विभाग के इंजीनियर योगेश सिंह और मैनेजर इक्का को बंधक बना लिया और बिजली आपूर्ति को सुचारू रूप से बहाल करने की मांग करने लगे।आक्रोशित ग्रामीणों ने 14 और 16 नंबर फीडर की बिजली आपूर्ति को भी बंद कर दिया, जिससे लगभग साढ़े पांच घंटे तक आसपास के क्षेत्रों में बिजली पूरी तरह बाधित रही। बाद में बीसीसीएल (BCCL) प्रबंधन से वार्ता हुई। प्रबंधन द्वारा खरखरी चानक की जलापूर्ति और बिजली रिपेयरिंग के लिए कुछ आवश्यक सामान उपलब्ध कराए जाने के बाद, लोगों ने दोपहर साढ़े तीन बजे पुनः बिजली आपूर्ति बहाल होने दी।नेतृत्वकर्ता शेख डब्लू ने बताया कि ग्रामीण पिछले दो साल से लो-वोल्टेज और पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। लो-वोल्टेज के कारण बच्चों की रात की पढ़ाई-लिखाई पूरी तरह से चौपट हो गई है। इस भीषण गर्मी में लोग व्याकुल हैं। पानी के लिए मोटर चलाना या गर्मी से राहत के लिए एसी, कूलर और पंखा चलाना तो दूर, अब लोगों के लिए मोबाइल चार्ज करना भी मुश्किल हो गया है। इस समस्या से बीसीसीएल प्रबंधन को दर्जनों बार अवगत कराया जा चुका है। हर बार प्रबंधन जल्द से जल्द समाधान का आश्वासन तो देता है, लेकिन इतने दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस उपाय नहीं किया गया।क्षेत्र में लंबे समय से गहराए लो-वोल्टेज और पेयजल संकट के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी की समस्या और गंभीर हो गई है, क्योंकि इलाके के कई चापानल (हैंडपंप) और कुएं सूख चुके हैं या पर्याप्त पानी नहीं दे पा रहे हैं। मौके पर शेख डब्लू, चंडी ग्याली, आनंद तिवारी, कलीम शेख, दीपक तिवारी, पिंका रजक, राजू रवानी, प्रेम रवानी, शेख आजाद, शेख अताउद्दीन, शेख इस्लाम, महेश्वर रवानी, दिनेश रवानी, बैजनाथ रवानी, शेख कुर्बान, शेख हसीम सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे
