रिजल्ट की ‘री-चेकिंग’ ने खोली पोल: आंखें मूंदकर जांची गईं कॉपियां?
सीबीएसई में 1-1 नम्बर से तय होता है बच्चों का भविष्य – डॉ मनीष शर्मा
धनबाद। सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणामों में री-इवैल्यूएशन (पुनर्मूल्यांकन) के बाद अंक बढ़ने से छात्र और अभिभावक खुश तो हैं, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया ने बोर्ड की कॉपियों को जांचने के तरीके पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। री-इवैल्यूएशन में छात्रों के विषयवार 8 से 9 प्रतिशत तक अंक बढ़े हैं। लेकिन परेशानी यह है कि जब तक ये नंबर बढ़कर आए, तब तक देश के कई प्रतिष्ठित कॉलेजों की कट-ऑफ और मेरिट लिस्ट जारी हो चुकी थी। ऐसे में बोर्ड की इस लापरवाही का खामियाजा मेधावी छात्रों को भुगतना पड़ा है और वे अच्छे संस्थानों में एडमिशन लेने से वंचित रह गए।कॉपियां जांचने में इतनी बड़ी चूक! नंबरों में आए इस बड़े अंतर को देखकर हर कोई हैरान है। धनबाद की सिद्धि भाटिया के अकाउंटेंसी में सीधे 8 नंबर बढ़ गए, जिससे उनका स्कोर 86 से 94 हो गया। वहीं कृष्णा अग्रवाल के बिजनेस स्टडीज में 9 नंबर बढ़े और वे 88 से 97 पर पहुंच गईं। शाम्भवी सिंह के भी अकाउंटेंसी में 4, इंग्लिश में 1 और इकोनॉमिक्स में 1 नंबर बढ़ने से उनका कुल प्रतिशत 94.6% से छलांग लगाकर 95.8% हो गया। कृष्णा ने बताया कि पहले के रिजल्ट के कारण सेंट जेवियर कोलकाता में महज 0.25% अंकों के कारण उसका दाखिला नहीं हो पाया था।

करियर पर पड़ा असर: भारतीय मानवाधिकार संगठन के जिला महासचिव (शिक्षा विभाग) डॉ. मनीष शर्मा ने छात्राओं को बधाई तो दी, लेकिन साथ ही बोर्ड की कार्यप्रणाली पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा, 8 से 9 नंबर का बढ़ना यह दिखाता है कि पहली बार में कॉपियां कितनी लापरवाही से जांची गईं। अगर शुरुआत में ही सही मूल्यांकन हुआ होता, तो इन बच्चों को आज अपनी पसंद के टॉप कॉलेजों में एडमिशन मिल चुका होता।जो री-इवैल्यूएशन नहीं करा पाए, उनका क्या? डॉ. शर्मा ने एक और गंभीर मुद्दे की ओर इशारा करते हुए कहा कि हर छात्र री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई नहीं कर पाता। फीस की कमी, जानकारी का अभाव या समय की किल्लत की वजह से न जाने कितने ऐसे होनहार छात्र होंगे जिन्होंने फॉर्म नहीं भरा। उनकी गलतियां तो कभी सामने ही नहीं आ पाईं।बोर्ड की साख पर बट्टा, पारदर्शिता की मांग: इस गड़बड़ी ने सीबीएसई जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को हिलाकर रख दिया है। अभिभावकों और शिक्षाविदों ने मांग की है कि मूल्यांकन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सटीक और गड़बड़ी से मुक्त बनाया जाए। बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
