बकरीद को लेकर सुदामडीह और पाथरीडीह थाने में शांति समिति की बैठक
;झरिया। बकरीद (ईद-उल-जोहा) त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार (26 मई 2026) शाम 5:00 बजे सुदामडीह और पाथरीडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। सुदामडीह थाने में बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी आकृष्ट अमन ने की।बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी आकृष्ट अमन ने कहा कि बकरीद का त्योहार त्याग, दान और कुर्बानी का संदेश देता है। उन्होंने सभी समुदायों से इस त्योहार को आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। किसी भी तरह का उपद्रव करने वाले या सोशल मीडिया पर भ्रामक व अमर्यादित पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि यदि उनके पास ऐसी कोई सूचना हो, तो तुरंत थाने को सूचित करें।
प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण रोक: बैठक में थाना प्रभारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी हाल में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं दी जाएगी। यदि कहीं भी ऐसी सूचना मिलती है, तो प्रशासन द्वारा त्वरित और सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।इस बैठक में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक, शांति समिति के सदस्य और दोनों थानों के पुलिस पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
