डीआरएम को दिया निर्देश, जर्जर भवन की मरम्मत कराने का भी दिया भरोसा; व्यवसायियों और आम लोगों ने जताया आभार
झरिया। झरिया के रेल टिकट आरक्षण केंद्र को पाथरडीह स्थानांतरित करने के रेलवे के निर्णय पर फिलहाल रोक लग गई है। सांसद ढुल्लू महतो ने धनबाद के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा से दूरभाष पर बात कर झरिया का आरक्षण केंद्र यथावत चालू रखने का निर्देश दिया है।आरक्षण केंद्र के स्थानांतरण की खबर से झरिया के व्यवसायियों और आम नागरिकों में काफी आक्रोश था।
इसको लेकर झरिया कोलफील्ड बचाओ समिति, धनबाद निर्माण, वस्त्र व्यवसायी संघ सहित विभिन्न व्यावसायिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव के माध्यम से सांसद से हस्तक्षेप की मांग की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद ने डीआरएम से कहा कि पाथरडीह में नया आरक्षण केंद्र शुरू किया जाए, लेकिन झरिया के मौजूदा आरक्षण केंद्र को बंद या स्थानांतरित नहीं किया जाए। डीआरएम ने आरक्षण केंद्र के भवन की जर्जर स्थिति की जानकारी दी। इस पर सांसद ने भवन की मरम्मत कराने की जिम्मेदारी लेने की बात कही, लेकिन आरक्षण केंद्र को उसी स्थान पर चालू रखने पर जोर दिया।इस संबंध में सांसद ने डीआरएम को पत्र भी प्रेषित किया है। सांसद के इस प्रयास से झरिया का आरक्षण केंद्र यथावत रहने की उम्मीद जगी है। इस पहल पर पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव सहित विभिन्न व्यावसायिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने सांसद ढुल्लू महतो के प्रति आभार जताया।
