_ बेलभरनी शोभायात्रा से भक्तिमय हुआ कोयलांचल, पाटा पूजन व कालरात्रि की आराधना के साथ पूजा पंडालों में महाआरती, दाल पट्टी समेत कई जगहों पर बंटा महाप्रसाद।
झरिया। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को कोयलांचल की हृदयस्थली झरिया में भक्ति का अनूठा उल्लास देखने को मिला। महासप्तमी के पावन अवसर पर विधि-विधान से मां दुर्गा के पट खुलते ही दर्शन के लिए पूजा पंडालों की ओर श्रद्धालुओं के कदम बढ़ चले। ‘जय माता दी’ के गगनभेदी जयकारों और ढाक की थाप से पूरा कोयलांचल भक्तिरस में सराबोर हो उठा। भक्तों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नवरात्र के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि की विधिवत आराधना की।

राजा तालाब में हुआ नवपत्रिका स्नान, निकली भव्य शोभायात्रा
महासप्तमी की सुबह पारंपरिक अनुष्ठान के साथ शुरू हुई। श्रद्धालु गाजे-बाजे और डोली के साथ ऐतिहासिक राजा तालाब समेत क्षेत्र के अन्य जलाशयों में पहुंचे, जहां नवपत्रिका (बेलभरनी) का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्नान व पूजन कराया गया। पवित्र तीर्थ जल से स्नान के उपरांत मां के प्रतीक स्वरूप को लाल पाट के वस्त्रों व आभूषणों से भव्य रूप में सजाया गया। इसके बाद डोली में विराजमान कराकर नवपत्रिका को पंडालों और देवी मंदिरों में लाया गया। बेलभरनी शोभायात्रा के दौरान ढाक की गूंज और धूना की सुगंध से समूचा झरिया नगर धर्ममय बना रहा।

क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में नवपत्रिका प्रवेश के साथ ही पाटा पूजन और महासप्तमी की विशेष पूजा संपन्न हुई। श्री मां मंगला चंडी सेवा समिति, सब्जी पट्टी सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, वीर भीम दल सार्वजनिक सेवा समिति, मां अम्बे मंदिर (धर्मशाला रोड), चौथाई कुल्ली तिवारी मंदिर दुर्गा पूजा समिति, एना दुर्गा मंदिर आदि पूजा स्थलों पर पट खुलते ही देवी दर्शन के लिए भक्तों की कतारें लग गईं।
महासप्तमी पर झरिया के दाल पट्टी सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण हुआ, जहां देर शाम तक भक्तों ने कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।
