लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी में हुआ मनोनयन, कोयलांचल में हर्ष
धनबाद। धनबाद कोयलांचल के लिए यह बेहद हर्ष और गौरव की बात है कि मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, युवा उद्योगपति एवं समाजसेवी नंदलाल अग्रवाल को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की युवा शाखा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। नई दिल्ली के होटल ली मेरिडियन में आयोजित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अधिवेशन एवं शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस भव्य समारोह की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने की, जबकि महामंडलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि विशेष रूप से उपस्थित थे। सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल एवं राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल ने 25 मई को मनोनयन पत्र जारी किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नंदलाल अग्रवाल की युवाओं को जोड़ने की अद्भुत क्षमता, संगठनात्मक अनुभव तथा महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा से संगठन को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही अग्रोहा शक्तिपीठ में कुलदेवी आद्य महालक्ष्मी माता के भव्य मंदिर निर्माण में भी उनका भरपूर सहयोग मिलेगा। बता दें कि वर्ष 1975 में स्थापित अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन को भारत में अग्रवाल समाज के प्रमुख सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों में से एक माना जाता है। यह संगठन समाज की एकता, सामाजिक उत्थान, युवा सशक्तिकरण और अग्रवाल विरासत के संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।
कोयलांचल में खुशी की लहर: नंदलाल अग्रवाल को राष्ट्रीय स्तर पर यह प्रतिष्ठित जिम्मेदारी मिलने से पूरे धनबाद जिले और समाज में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि पर मारवाड़ी सम्मेलन, मारवाड़ी महिला सम्मेलन, मारवाड़ी युवा मंच तथा स्थानीय नागरिक समिति के सदस्यों ने गहरी खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
