स्कूल बसें फंसीं, आम लोगों को भारी परेशानी,आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कतरास ।वार्ड नंबर 5 के छाताबाद मलकेरा रोड स्थित लकड़का मोड़ के समीप गुरुवार को पानी और बिजली संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। नाराज लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।चक्का जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस दौरान स्कूल बसों समेत कई छोटे-बड़े वाहन घंटों फंसे रहे। जाम में फंसे स्कूली बच्चों, यात्रियों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।आंदोलन का नेतृत्व कर रहीं वार्ड नंबर 5 की पार्षद निरुपमा देवी ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर है। कई बार विभागीय अधिकारियों और प्रबंधन को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भीषण गर्मी के बीच इलाके में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है और बिजली की समस्या भी लगातार बनी हुई है। इससे आम लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जमीन पर कोई ठोस पहल नहीं दिख रही।मौके पर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्षद निरुपमा देवी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।ग्रामीणों ने मांग की कि क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, बिजली व्यवस्था में सुधार किया जाए तथा जनता की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए।
