टुंडी। भाजपा प्रदेश कमेटी के निर्देशानुसार बुधवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड मुख्यालय के समक्ष भाजपा प्रखंड कमेटी द्वारा एक दिवसीय धरने का आयोजन किया गया। यह धरना राज्य की हेमंत सरकार द्वारा किसानों के साथ की गई वादाखिलाफी के विरोध में दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीमलाल भंडारी ने की तथा संचालन शंकर चंद्र दा ने किया।धरने को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता विक्रम पांडेय ने कहा कि सरकार ने धान का क्रय मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन पैक्सों द्वारा मात्र 2450 रुपये में खरीदारी की गई। इसमें भी केंद्र सरकार 2400 रुपये दे रही है, जबकि राज्य सरकार अपनी तरफ से मात्र 50 रुपये दे रही है, जो पहले 182 रुपये था। पैसे के अभाव में किसानों का धान वापस किया जा रहा है। उन्होंने कृषि, लघु सिंचाई विभाग और एनजीओ द्वारा बनाई गई सिंचाई योजनाओं में विफलता का आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की।वहीं, भाजपा नेता विपिन दा ने कहा कि सरकार ने कर्ज माफी का वादा भी पूरा नहीं किया। बेमौसम आंधी-पानी और प्राकृतिक आपदा से पीड़ित किसानों को न तो आवास मिल रहा है और न ही कोई आर्थिक राहत।इस मौके पर मुख्य रूप से बासुदेव कुमार, समीर साव, सहदेव भंडारी, जेबा मराण्डी, संतोष भगत, गणेश दा, निवास तिवारी और कांतलाल मंडल सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।
