बच्चे और मारवाड़ी युवा मंच के कार्यकर्ता
राजसूत्र/झरिया। मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा स्थानीय मारवाड़ी विद्यालय में शनिवार को “समर फिएस्टा 2026 – मस्ती की पाठशाला” कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय शिविर में कक्षा 2 से लेकर कक्षा 5 तक के छोटे बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर बच्चों की किलकारियों और उत्साह से गूंजता रहा।
शिविर का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें छिपी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और टीम भावना (टीम वर्क) को बढ़ावा देना था। इसके तहत बच्चों के लिए कई तरह के मनोरंजक खेल, क्रिएटिव एक्टिविटीज और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हें-मुन्नों ने पूरे उमंग के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंच के पदाधिकारियों और स्कूल प्रबंधन का सराहनीय योगदान रहा। इस मौके पर मुख्य रूप से मंच अध्यक्ष किरण शर्मा, सन्नी अग्रवाल एवं मयंक केजरीवाल (कार्यक्रम संयोजक), हितेन शर्मा, अमित भुसानिया (सदस्य), भूमि अग्रवाल (प्रशिक्षक), अरविंद शर्मा (विद्यालय सचिव) के साथ मारवाड़ी विद्यालय के प्राचार्य मनोज रवानी और सभी शिक्षकों ने पूरी ऊर्जा के साथ बच्चों का मार्गदर्शन किया।
अंत में, मारवाड़ी युवा मंच ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगियों के प्रति दिल से आभार जताया। मंच के सदस्यों ने संकल्प लिया कि बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास के लिए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायी और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
