झरिया। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को किड्स गार्डन सेकेंडरी स्कूल में देशभक्ति का अनूठा उत्साह देखने को मिला। सुबह नौ बजे स्कूल परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। स्कूल यूनिफॉर्म में सजे-धजे छात्र-छात्राओं ने बैंड-बाजे की धुन पर कदमताल मिलाते हुए रैली की शुरुआत की।
यह रैली स्कूल परिसर से निकलकर झरिया थाना मोड़ होते हुए कतरास मोड़ तक पहुंची और फिर वापस स्कूल आकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लिए बच्चों ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर स्कूल की निदेशिका डॉ. शोभा सिन्हा और प्राचार्या डॉ. स्नेहलता ने बच्चों को तिरंगे के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का आदर करना ही देश का असली सम्मान है। यह प्रभात फेरी हमारे अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने के लिए निकाली गई है। शिक्षकों ने भी बच्चों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सुब्रतो कर्मकार और सजल दत्ता के नेतृत्व में नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की। बच्चों ने तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है और चलो देश की एकता बढ़ाएं, हर घर तिरंगा फहराएं जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया।
रैली को सफल बनाने में शैक्षणिक प्रभारी आशीत बनर्जी, सौगता मल्लिक, सुरोजीत दत्ता, तारक नाथ दत्ता, संचिका श्रीवास्तव, प्रीति, प्रेम कुमार चौहान, विश्वजीत मंडल और रंजीत पासवान सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय भूमिका रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
