विधायक रागिनी सिंह की अनुशंसा पर डीएमएफटी से हो रहा कार्य, 4 इंच की 800 मीटर पाइपलाइन बिछाने का काम तेज, सैकड़ों ग्रामीण होंगे लाभान्वित
झरिया। बस्ताकोला स्थित मांझी बस्ती पहाड़ी के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या अब दूर होने जा रही है। क्षेत्र में झमाडा की ओर से 4 इंच व्यास की लगभग 800 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इस योजना के पूरा होने के बाद सैकड़ों स्थानीय परिवारों को स्वच्छ पेयजल का लाभ मिलेगा।इस कार्य की अनुशंसा झरिया विधायक श्रीमती रागिनी सिंह ने डीएमएफटी मद से कराई थी। वर्तमान में पाइपलाइन बिछाने का कार्य अंतिम चरण में है। मंगलवार को भी पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से जारी रहा। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, यदि कार्य निर्धारित समय पर पूरा हो जाता है तो शुक्रवार से स्थानीय लोग झमाडा का पेयजल कनेक्शन लेना शुरू कर सकेंगे, जिससे सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।झमाडा के कनीय अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि कार्य तेजी से चल रहा है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।वहीं झमाडा के विधायक प्रतिनिधि राजकिशोर जेना ने कहा कि उन्हें इस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है और अगले दो दिनों के भीतर पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र के लोग झमाडा से पेयजल कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे।
स्थानीय निवासी रविकांत तिवारी ने बताया कि मांझी बस्ती पहाड़ी के लोग कई दिनों से पेयजल संकट से परेशान थे। इस समस्या को लेकर उन्होंने विधायक रागिनी सिंह से अनुरोध किया था। विधायक की पहल के बाद अब पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद सैकड़ों परिवारों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।स्थानीय निवासी भाजपा नेता काजू राय एवं भाजपा नेत्री सरिता सिंह ने भी इस कार्य के लिए विधायक रागिनी सिंह की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में पेयजल की समस्या बनी हुई थी। विधायक की पहल से अब यह समस्या दूर होने जा रही है, जिससे मांझी बस्ती पहाड़ी के सैकड़ों ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी बप्पी बाउरी ने कहा कि जनसमस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर किया जा रहा है। जनता की समस्याओं को विधायक तक पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है, जिससे विकास कार्यों में तेजी आई है।
