धनबाद क्षेत्र में एक आधुनिक विज्ञान केंद्र (साइंस सिटी) के निर्माण की मांग को लेकर धनबाद की जनता ने स्थानीय सांसद ढुल्लू महतो से गुहार लगाई है। इस सिलसिले में पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से मुलाकात कर उन्हें आम जनता की ओर से एक मांग पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से आग्रह किया कि वे आगामी लोकसभा के मानसून सत्र में धनबाद में साइंस सिटी की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र सरकार के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि धनबाद क्षेत्र आर्थिक, शैक्षिक और तकनीकी प्रगति की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण स्थान रखता है, लेकिन इसके बावजूद यहां के छात्रों और युवाओं के लिए विज्ञान को व्यावहारिक रूप से समझने हेतु कोई आधुनिक विज्ञान केंद्र या संग्रहालय उपलब्ध नहीं है। अगर आगामी मानसून सत्र में सांसद द्वारा इस दिशा में सार्थक प्रयास किया जाता है, तो धनबाद के हजारों स्कूली छात्र-छात्राओं को विज्ञान के प्रयोगों को करीब से देखने, अपनी वैज्ञानिक सोच को विकसित करने और नवाचार को बढ़ावा देने का एक बेहतरीन अवसर मिलेगा। यह केंद्र यहां के छात्रों के कौशल विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
जनता की इस मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि वे धनबाद के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। आम जनमानस के आशीर्वाद से वे धनबाद को एक विकसित क्षेत्र बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस मांग को निश्चित रूप से आगामी लोकसभा के मानसून सत्र में उठाया जाएगा। इसके साथ ही वे निजी तौर पर केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलकर धनबाद में विज्ञान केंद्र की स्थापना के लिए विशेष आग्रह करेंगे।
सांसद से मुलाकात करने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से राम गोराई, संदीप पासवान, सूरज कुमार भूईया, राजेश साव, पिंटू बर्मन और राजू वर्मा सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।
