झरिया, 12 जुलाई: स्टेशन रोड स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर की संस्कृत पाठशाला में आज आगामी रथयात्रा के उपलक्ष्य में भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की स्तुति का गान किया गया। विद्यार्थियों ने एक स्वर में “जगन्नाथ स्वामी नयनपथगामी भवतू मे” का उच्चारण किया। इसके साथ ही बच्चों ने संस्कृत अंताक्षरी, पहाड़ा, संभाषण और गीतों का अभ्यास किया, जिसका संचालन अधिवक्ता हरीश कुमार जोशी ने किया। इस दौरान मुंबई निवासी सतीश भाई त्रिवेदी एवं हेमेनभाई त्रिवेदी द्वारा प्रसाद वितरण भी किया गया।
इस धार्मिक व शैक्षणिक आयोजन के बीच पर्यावरण संरक्षण का एक अनूठा संदेश भी दिया गया। पाठशाला के बच्चे अपने घरों से पुरानी बोतलों को काटकर बनाए गए वेस्ट-मटेरियल के गमले और मिट्टी लेकर आए थे। इन गमलों में सुखलाल वैद्य द्वारा औषधीय गुणों से युक्त पौधों के बीज बोए गए। बच्चों को कटहल, पीपल, नीम , सीता अशोक अश्वगंधा, गिलोय, हल्दी आदि पौधे बीज आदि का वितरण किया गया। बच्चों को इन पौधों की देखरेख की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। तीन महीने बाद जिस विद्यार्थी का पौधा सबसे उत्तम तरीके से विकसित होगा, उसे पुरस्कृत किया जाएगा। इस अनोखे अभियान में हर्षिका, चेल्सी, माहिरा, अनन्या, अर्णव, शिवांश, राजवीर सहित पाठशाला के दर्जनों विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
