हमारे जाने के बाद भी किसी की दुनिया में रहे उजाला: डॉ मनीष शर्मा
झरिया। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच की रजत जयंती के तहत चल रहे “सृजन से सम्मान तक” पखवाड़े के अंतर्गत, झरिया शाखा द्वारा बुधवार को भागा स्थित एसडीएम स्कूल में अंगदान जागरूकता अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य युवाओं और समाज को अंगदान, नेत्रदान व देहदान के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि और प्रांतीय संयोजक डॉ. मनीष शर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। हमारे जाने के बाद भी हमारे अंग किसी ज़रूरतमंद को नया जीवन दे सकते हैं। समाज की भ्रांतियों को दूर कर हमें इसके प्रति सकारात्मक सोच अपनानी होगी।

मारवाड़ी युवा मंच की झरिया शाखा अध्यक्ष किरण शर्मा, सचिव सन्नी अग्रवाल, संयुक्त सचिव मयंक केजरीवाल, हर्ष अग्रवाल तथा निक्की अग्रवाल के साथ विद्यालय के निदेशक आर. पी. त्रिपाठी, प्राचार्य ए. के. त्रिपाठी, ए. के. माजी, कोषाध्यक्ष मीरा देवी, पी. के. विश्वास, उषा मिश्रा, शिक्षकगण और स्कूल बैंड स्क्वाड सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। निदेशक आर. पी. त्रिपाठी और प्राचार्य ए. के. त्रिपाठी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में सामाजिक जिम्मेदारी बढ़ती है। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों ने समाज में अंगदान के प्रति अलख जगाने का संकल्प लिया।
