झरिया, 27 जून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ झरिया नगर की ओर से आज ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष त्रयोदशी के पावन अवसर पर ‘हिंदू साम्राज्य दिवस’ उत्सव उद्यान प्रभात शाखा चिल्ड्रेन पार्क झरिया में धूमधाम से मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक ध्वजारोहण के साथ हुआ, जहाँ उपस्थित सभी स्वयंसेवकों ने परम पवित्र भगवा ध्वज को सामूहिक प्रणाम किया। इसके पश्चात झरिया नगर संघचालक डॉ. देवकीनंदन पांडे एवं झरिया नगर बौद्धिक प्रमुख हरीश कुमार जोशी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र पर तिलक लगाया और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान अमृत वचन, सामूहिक गीत और व्यक्तिगत गीत की गरिमामयी प्रस्तुतियाँ हुईं।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सह बौद्धिक प्रमुख (अधिवक्ता) हरीश कुमार जोशी का पाथेय एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। अपने बौद्धिक संबोधन में उन्होंने कहा कि आज से लगभग 408 वर्ष पूर्व रायगढ़ किले में छत्रपति शिवाजी महाराज का राज्याभिषेक हुआ था, जिसके साथ ही ‘हिंदू साम्राज्य दिवस’ की स्थापना हुई थी। उन्होंने आगे कहा कि मुगल आक्रांताओं के भीषण अत्याचारों के बीच शिवाजी महाराज ने एक ऐसे स्वतंत्र हिंदू साम्राज्य की नींव रखी, जो पूर्णतः हमारी संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और नैतिक मूल्यों पर आधारित था। जोशी ने शिवाजी महाराज को शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का अप्रतिम प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने संपूर्ण भारतवर्ष को एकता के सूत्र में बांधा। उन्होंने गुरिल्ला युद्ध (छापामार युद्ध) नीति की शुरुआत की और सामुद्रिक रास्तों से होने वाले विदेशी हमलों का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय नौसेना का गठन किया। इसके साथ ही उन्होंने माँ तुलजा भवानी मंदिर का जीर्णोद्धार कराया और पुणे में विशाल गणेश मंदिर बनवाया। उनका यह ऐतिहासिक योगदान भारत के हिंदुओं में नवीन प्राणों का संचार करने वाला सिद्ध हुआ।इस अवसर पर आचार्य बलदेव पांडे, सह-कार्यवाह अखिल देव, सुखलाल पंसारी, डॉ. नीरज पांडे, अजीत गुप्ता, विश्वनाथ साव, अजय वर्मा, गिरिजा सिंह, गोरेलाल, महेश प्रसाद गुप्ता, लक्ष्मीनारायण जी, संदीप दत्ता, मुख्य शिक्षक छोटू जी, मधुसूदन जी, मनीष कुमार, ब्रजनंदन बरनवाल, नारायण साव, रामलखन जी एवं पंचम जी सहित भारी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित थे। अंत में संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।
