झरिया। किड्स गार्डन सेकेंडरी स्कूल, झरिया की पूर्व छात्रा सिमरन कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार कामयाबी से पूरे स्कूल परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है।सिमरन कुमारी की इस बड़ी सफलता पर स्कूल परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्कूल की निर्देशिका डॉ. शोभा सिन्हा और प्राचार्या डॉ. स्नेहलता ने सिमरन को गुलदस्ता और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।समारोह को संबोधित करते हुए स्कूल की निर्देशिका और प्राचार्या ने कहा कि सिमरन की यह सफलता स्कूल के दूसरे छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का काम करेगी। यह कामयाबी साबित करती है कि अगर पक्का इरादा, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन मिले तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।

सम्मान पाकर भावुक हुई सिमरन कुमारी ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और अपनी कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने स्कूल के बाकी छात्र-छात्राओं को भी संदेश देते हुए कहा कि पूरी लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने से ही सफलता का रास्ता आसान होता है।इस दौरान शैक्षणिक शिक्षक असित कुमार बनर्जी, सौगता मल्लिक, सुरोजीत दत्ता, शालू तिवारी, संचिका श्रीवास्तव, रनोंज दत्ता, तारक नाथ दत्ता, प्रीतिबाला सहाय, कल्याण मिश्रा, पूनम सिंह, कविता सिंह, रीना मिश्रा और अशोक दास सहित स्कूल के समस्त शिक्षकों ने सिमरन को बधाई दी और उनके आगे के सफर के लिए ढेरों शुभकामनाएं दीं।
