कोयलांचल को लूटने वाले माफिया मजदूरों पर लगा रहे चोरी का आरोप: अनूप साव
धनबाद/लोदना। लोदना 9 नंबर साइडिंग शारदा माइंस के लगभग 16 मैकेनिकल मजदूरों को कोयला चोरी का आरोप लगाकर काम से हटा दिया गया है। अचानक बेरोजगार हुए परेशान मजदूरों ने सांसद ढुल्लू महतो से उनके आवास पर मुलाकात की और कंपनी की इस कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया।मजदूरों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए सांसद ने पूर्व पार्षद अनूप साव, अपने प्रतिनिधि राम गोराई, यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (असंगठित मोर्चा) के लोदना कोलियरी सचिव सूरज भुइयां और पीड़ित मजदूरों को उक्त साइडिंग में विरोध दर्ज कराने के लिए भेजा। साइडिंग पहुंचकर सभी लोगों ने प्रबंधन और कंपनी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।

माफिया खुद चोरी कर मजदूरों को फंसा रहे: अनूप सावविरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो माफिया खुद पूरे कोयलांचल और कोलियरी को लूट रहे हैं, वे आज गरीब मजदूरों पर कोयला चोरी का झूठा आरोप लगा रहे हैं। वहीं, यूनियन नेता राम गोराई ने कहा कि मजदूरों पर किसी भी तरह का अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सांसद का स्पष्ट आदेश—मजदूरों को काम पर वापस लें
बढ़ते विरोध को देखते हुए शारदा माइंस के इंचार्ज शीतल सिंह ने पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान अनूप साव ने दो टूक कहा कि सांसद का स्पष्ट आदेश है कि मजदूरों को हर हाल में काम पर वापस रखना होगा। ऐसा नहीं होने पर यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन के बैनर तले कंपनी का काम पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। इस चेतावनी के बाद माइंस इंचार्ज ने मामले के समाधान के लिए चार दिन का समय मांगा है।इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से एटक (AITUC) के असंगठित मोर्चा के मजदूर बादल कर्मकार, पिंटू मलिक, सुनील गोराई, जैस्मिन अंसारी, शांति गोराई, शाहिद अंसारी, बबलू बाउरी, विपिन बाउरी, गुलाम अंसारी, निर्मल बाउरी, फूलचंद गोप, कुर्बान अंसारी, सागर मलिक और इजराइल अंसारी सहित कई अन्य लोग शामिल थे।
