झरिया/बलियापुर। कोयलांचल के झरिया अंतर्गत बैलगाड़ियां जैसे सुदूर क्षेत्र के होनहार खिलाड़ी युवराज सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर एक नई उम्मीद को जन्म दिया है। युवराज का चयन आगामी झारखंड T20 क्रिकेट लीग में हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। युवराज की इस सफलता पर विभिन्न समाजसेवियों और स्थानीय प्रबुद्ध जनों ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बचपन से ही था क्रिकेट का जुनून: इस मौके पर युवराज सिंह के पिता शैलेंद्र सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि युवराज का बचपन से ही क्रिकेट के प्रति गहरा रुझान रहा है। एक पिता के तौर पर हमने हमेशा उसकी रुचि को समझा और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। आज उसकी मेहनत रंग लाई है।
लक्ष्य अभी और आगे का है: युवराज
अपनी इस शानदार सफलता पर क्रिकेटर युवराज सिंह ने कहा कि मैंने यह मुकाम अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर हासिल किया है। झारखंड T20 लीग में चयन होना एक शुरुआत है, लेकिन मेरा असली लक्ष्य और आगे का है। मैं देश के लिए खेलना चाहता हूँ।
इस सफलता पर पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव ने युवराज को बधाई देते हुए कहा कि हम सभी का आशीर्वाद युवराज के साथ है। उनकी लगन और मेहनत उन्हें एक दिन निश्चित रूप से उस बड़े मुकाम तक पहुंचाएगी जिसके वो हकदार हैं। राम गोराई, मिंटू साव , अभिषेक शर्मा, नरेश चंद्र महतो, सुनील मोदक, हरे कृष्णा रवानी सहित दर्जनों स्थानीय ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने भी युवराज को बधाई दी।
