महुदा । महुदा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के सम्प हाउस का मोटर पम्प जल जाने से क्षेत्र की चार पंचायत महुदा बस्ती, छ्त्रुटांड़, सिंगड़ा एवं पदुगोड़ा में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण गर्मी के बीच पानी सप्लाई बंद होने से हजारों ग्रामीणों के सामने गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीएचईडी विभाग की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। बताया गया कि जलापूर्ति योजना में दो मोटर पम्प लगे हुए थे। लगभग एक माह पूर्व एक मोटर खराब होकर जल गया था। इसके बाद दूसरे मोटर के सहारे किसी तरह जलापूर्ति की जा रही थी। उस समय ही ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से खराब मोटर की मरम्मत कराने तथा वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की थी, लेकिन विभाग ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। अब दूसरा मोटर पम्प भी जल जाने से पूरी योजना ठप हो गई है और चार पंचायतों में पानी की सप्लाई बंद हो गई है। इससे ग्रामीणों के समक्ष पेयजल की भारी किल्लत खड़ी हो गई है। लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की समस्या ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। विभागीय उदासीनता के कारण संकट लगातार गहराता जा रहा है। लोगों ने जल्द से जल्द मोटर बदलकर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है। मामले की सूचना मिलने पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने पीएचईडी विभाग के अधिकारियों से बात कर अविलंब मरम्मत कार्य कराने और पेयजल आपूर्ति शुरू करने का निर्देश दिया। विधायक ने विभाग को पत्र लिखकर नया मोटर पम्प उपलब्ध कराने की मांग भी की है। इस संबंध में विधायक प्रतिनिधि किशुन महतो ने बताया कि महुदा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के लिए नया मोटर पम्प लगाने की मांग पीएचईडी विभाग से की गई है। उन्होंने कहा कि विधायक शत्रुघ्न महतो ने भी पत्राचार कर जल्द नया मोटर उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।
