भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालु, पाठ के बाद बंटा महाप्रसाद
झरिया।झरिया का राजवाड़ी रोड रविवार को पूरी तरह भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। अवसर था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के नगर संघचालक डॉ. देवकी नंदन पांडेय के आवासीय परिसर में आयोजित भव्य सामूहिक सुंदरकांड पाठ का। इस दौरान पूरा इलाका ‘जय सियाराम, जय जय सियाराम’ के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ पंडित राजेश पाठक ने सनातनी परंपरा के अनुसार विधिवत पूजा-अर्चना कराकर किया। आरएसएस के नगर संघचालक डॉ. देवकी नंदन पांडेय अपनी धर्मपत्नी के साथ इस मुख्य अनुष्ठान के यजमान बने।

भव्य आयोजन में झरिया और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित हुए और सामूहिक रूप से सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया। इस धार्मिक समागम को सफल बनाने में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के बलदेव पांडेय, रामश्रेष्ठ झा, हरीश जोशी, राजकुमार अग्रवाल, महेश गुप्ता, अजय वर्मा, डॉ. नीरज पांडेय, संजय पाठक, गीता देवी, शारदा जोशी, कुसुम भट्ट और रूपम मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मुख्य रूप से सक्रिय रहे।अनुष्ठान के समापन पर मारुति नंदन प्रभु हनुमान जी की महाआरती उतारी गई। इसके बाद उपस्थित सभी भक्तों और श्रद्धालुओं के बीच श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद का वितरण किया गया।
