लोयाबाद (धनबाद): विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बीच शनिवार को लोयाबाद के मतदान केंद्रों पर बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की सूची चस्पा किए जाने के बाद हड़कंप मच गया है। स्थिति यह है कि जो लोग वर्ष 2003 से पहले से लगातार वोट देते आ रहे हैं, उनके नाम भी अब ‘अनमैप्ड’ सूची में डाल दिए गए हैं। इससे स्थानीय मतदाताओं में भारी भ्रम और नाराजगी है।
6 बूथों पर बड़ी गड़बड़ी: लोयाबाद क्षेत्र के कुल 22 बूथों में से केवल बासुदेव गांधी स्मृति उच्च विद्यालय स्थित 6 बूथों का जायजा लेने पर ही कुल 3,068 मतदाता अनमैप्ड पाए गए। बूथवार आंकड़े इस प्रकार हैं: बूथ संख्या 347: 522 मतदाता, बूथ संख्या 348:516 मतदाता, बूथ संख्या 349:690 मतदाता, बूथ संख्या 353: 480 मतदाता, बूथ संख्या 354:495 मतदाता, बूथ संख्या 355:365 मतदाता। प्रशासनिक चूक का खामियाजा भुगत रहे लोग: स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी इस गड़बड़ी को लेकर समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हुई थीं। पहले जो बूथ संख्या 280 थी, वह अब बदलकर 349 हो चुकी है और इसके सैकड़ों नाम ऑनलाइन गायब हैं। वर्षों से नियमित मतदान कर रहे लोगों को अब दोबारा सत्यापन प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है, जो सीधे तौर पर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। लोगों ने निर्वाचन विभाग से तत्काल सूची के भौतिक सत्यापन की मांग की है।
“यह विभागीय चूक है। जिन मतदाताओं का नाम अनमैप्ड सूची में आया है, उन्हें अपना नाम दोबारा मैप (सत्यापित) कराना होगा।
गिरजा नंद किस्कु, अंचलाधिकारी (सीओ), बाघमारा
