केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी, महंगाई व भ्रष्टाचार पर उठाए सवाल
निरसा/ मुगमा । लगातार बढ़ती महंगाई तथा नीट परीक्षा पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भाकपा माले एग्यारकुंड प्रखंड कमिटी की ओर से शुक्रवार 23 मई की देर शाम मुगमा मोड़ में विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि तथा बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है और मध्यम एवं गरीब वर्ग के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।विरोध सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई और भ्रष्टाचार के कारण आम लोगों की परेशानियां बढ़ी हैं, जबकि बड़े कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से जूझ रही है और रोजगार के अवसर भी सीमित होते जा रहे हैं।वक्ताओं ने नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के मुद्दे को भी गंभीर बताते हुए कहा कि इससे छात्रों और युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।सभा के दौरान कुछ वक्ताओं ने न्यायपालिका, शिक्षा व्यवस्था और शासन-प्रशासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी अपनी राय रखी तथा कहा कि देश के छात्र, नौजवान और बेरोजगार बेहतर अवसर और निष्पक्ष व्यवस्था की अपेक्षा रखते हैं।भाकपा माले नेताओं ने देशवासियों से महंगाई, भ्रष्टाचार और जनसरोकारों के सवालों पर एकजुट होने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।इस अवसर पर एग्यारकुंड प्रखंड सचिव कॉमरेड बादल चन्द्र बाउरी सहित नागेंद्र कुमार, मनोरंजन मलिक, मनोज राऊत, विनय सिंह, रोशन मिश्रा, मागन बाउरी, अभय प्रसाद, असीम घोष, कुमार रवि, सत्येंद्र चौहान, अंजू चटर्जी, मेनका मंडल, मालती देवी, विश्वनाथ बाउरी, बेबी देवी, पप्पू रहमान, नवीन कुमार अंबष्ट, प्रदीप बाउरी, ज्यंतो बाउरी, रामकिसुन बाउरी, मुकेश बाउरी, बबलू गोप, वरुण पाल, गणेश महतो, राजू चटर्जी, अजीत पाण्डेय, राजेश यादव, रंजीत रविदास, गौतम रविदास, जाना रविदास, बबलू सेनापति, मधुसूदन दास समेत सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
