गोविंदपुर। कौवाबांध में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के सप्तम दिन कथा व्यास उमेश शास्त्री (राजस्थान वाले) ने सुदामा-कृष्ण मिलन और सुभद्रा-अर्जुन विवाह का मर्मस्पर्शी प्रसंग सुनाया। भगवान कृष्ण द्वारा अपने दरिद्र मित्र सुदामा की दीनदशा देख आंखों से आंसू बहाने और उनके पैर धोने के प्रसंग को सुनकर कथा पंडाल में उपस्थित तमाम श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।
मित्रता धन से नहीं, मनुष्यता से होती है: उमेश शास्त्रीकथा व्यास उमेश शास्त्री ने कहा कि सच्ची मित्रता धन-दौलत देखकर नहीं, बल्कि मनुष्यता के धरातल पर निभाई जाती है। भगवान ने द्वारकाधीश होकर भी अपने गरीब मित्र को उसी सिंहासन पर बैठाया जहां वे स्वयं बैठते थे। उन्होंने समाज को संदेश दिया कि यदि हमारा कोई मित्र कमजोर है, तो उसे पीछे धकेलने के बजाय साथ देकर आगे बढ़ाना चाहिए।उन्होंने सांसारिक सत्य को उजागर करते हुए कहा कि कलयुग में लोग दूसरों के सुख को देखकर दुखी होते हैं। जैसे जीवन में पद, प्रतिष्ठा और मान-सम्मान बढ़ता है, वैसे ही शत्रुओं की संख्या भी बढ़ जाती है। कलयुग के इस दौर में प्रभु भक्ति के साथ-साथ मानव और जीव सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। कथा के अंत में श्रद्धालुओं ने भजनों के बीच भव्य रूप से फूलों की होली खेली। भागवत कथा के इस पावन अवसर पर मुख्य रूप से झरिया विधायक रागिनी सिंह, मेयर संजीव सिंह और पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत ने पंडाल पहुंचकर भगवान का आशीर्वाद लिया और कथा श्रवण की। इस धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में मुख्य यजमान प्रमोद संघी, प्रकाश संघी, राजेश संघी, जयंत संघी, विजय संघी, ऋषभ संघी, रौनक संघी और वरुण संघी समेत पूरा संघी परिवार सक्रिय रूप से जुटा हुआ है। आयोजन समिति ने बताया कि रविवार को भव्य हवन और महाभंडारे के साथ सात दिवसीय इस अनुष्ठान की पूर्णाहुति होगी।
