झरिया |जेठ मास की शुक्ल पक्ष की पद्मिनी एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम मंदिर झरिया धाम प्रांगण से एक भव्य निशान शोभा यात्रा निकाली गई। इस अलौकिक यात्रा में श्रद्धालु कुल 351 निशान लेकर शामिल हुए। भक्तों द्वारा भव्य निशान के साथ पूरे झरिया शहर का भ्रमण किया गया, जिसके बाद सभी निशानों को पूरी आस्था के साथ झरिया श्याम मंदिर में बाबा के चरणों में अर्पित किया गया। विधि-विधान से संपन्न हुआ पूजननिशान पूजा का कार्यक्रम मंदिर के मुख्य पुजारी श्री कैलाश पांडे जी द्वारा पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया गया। इस मुख्य पूजा के यजमान श्री चंद्र प्रकाश चौखनी एवं श्रीमती शिला चौखनी (चौखनी परिवार) रहे, जिन्होंने सपरिवार बाबा के निशान का पूजन किया। भक्तों का उमड़ा जनसैलाबइस भव्य निशान यात्रा में भारी संख्या में महिलाएँ, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। पूरा झरिया शहर ‘हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा’ और ‘जय श्री श्याम’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। सभी भक्तों ने कतारबद्ध होकर बाबा श्याम को अपना-अपना निशान अर्पित किया और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया।धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही। इस मौके पर मुख्य रूप से अध्यक्ष रघुवीर गोयल, सचिव:श्री शिवकुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष विवेक सिंघल , सह-कोषाध्यक्ष संदीप कथूरिया के साथ ही समिति के सक्रिय सदस्य विक्की शर्मा, यशवंत अग्रवाल, राजेश तुलस्यान, दिनेश चनानिया, दिनेश अग्रवाल सहित भारी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित थे।
