कतरास ।उपायुक्त धनबाद के निर्देश पर जिला खेल एवं पर्यटन विभाग की टीम ने शुक्रवार को कतरास स्थित मां लिलोरी मंदिर एवं झींझी पहाड़ी पंचायत स्थित श्री बुढ़ा बाबा शिव मंदिर का दौरा कर क्षेत्र के पर्यटन एवं धार्मिक विकास से जुड़ी योजनाओं का चयन किया।निरीक्षण दल में जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी उमेश लोहरा, सहायक पर्यटन पदाधिकारी संतोष कुमार पटेल, बाघमारा जेई अयाज अहमद तथा डीपीएमयू (DMFT) रवि कुमार शामिल थे। टीम ने दोनों धार्मिक स्थलों पर आधारभूत संरचना, सौंदर्यीकरण, पर्यटक सुविधाओं एवं विकास कार्यों को लेकर विस्तृत निरीक्षण किया।अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही क्षेत्र में विकास, संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित योजनाओं का क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा, जिससे इन धार्मिक स्थलों को पर्यटन के रूप में विकसित किया जा सके।इस दौरान श्री बुढ़ा बाबा शिव मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष लखन प्रसाद महतो ने क्षेत्र के विकास के लिए जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर परिसर को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।मौके पर मुखिया प्रतिनिधि एवं ट्रस्ट के महासचिव गणेश कुमार महतो, काली पदो दत्ता एवं योगेश्वर महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
