झरिया । टाटा स्टील फाउंडेशन (TSF) की जामाडोबा यूनिट ने आज टाटा ग्राउंड डिगवाडीह और टाटा ग्राउंड मलकेरा में समर कैंप 2026 की शुरुआत की। इस कैंप में 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहें हैं।यह समर कैंप तीरंदाजी, एथलेटिक्स और फुटबॉल जैसी खेल विधाओं पर केंद्रित है। इसका उद्देश्य टाटा झरिया डिवीजन के लीजहोल्ड एवं आसपास के क्षेत्रों के युवा प्रतिभाओं को गर्मी की छुटियों के दौरान रचनात्मक और उत्साहपूर्ण शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना है।इस कैंप में लगभग 800 बच्चों ने नामांकन कराया है, जो खेलों के माध्यम से युवा विकास के प्रति बढ़ती रुचि और समुदाय के मजबूत समर्थन को दर्शाता है।डिगवाडीह में कैंप का उद्घाटन मुख्य अतिथि अमन,हेड इंजीनियरिंग एंड सर्विसेज, झरिया डिवीजन, टाटा स्टील, द्वारा फुटबॉल को किक मारकर एवं तीर से निशाना लगाकर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में संतोष महतो, क्षेत्रीय सचिव, आरसीएमयू, तथा अनमोल श्रीवास्तव, सीनियर एरिया मैनेजर एचआरबीपी, झरिया डिवीजन, टाटा स्टील, उपस्थित थे। उनके साथ टाटा स्टील फाउंडेशन के अधिकारीगण एवं नामित प्रशिक्षक भी मौजूद थे।मलकेरा में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि संजीव ठाकुर, हेड सिजुआ कोलियरी, झरिया डिवीजन, टाटा स्टील, द्वारा फुटबॉल को किक मारकर किया गया। इस अवसर पर उनके साथ विनोद कुमार रजक, मुखिया मलकेरादक्षिण, सीसी सदस्य सचिन महतो, जितेश राजवार, दुलाल रॉय, टाटा स्टील फाउंडेशन के अधिकारीगण एवं अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।अतिथियों ने प्रतिभागियों को सीखने के इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने तथा अपनी खेल प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथियों ने खेलों के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनके समग्र विकास के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने बड़ी संख्या में बच्चों की भागीदारी पर ख़ुशी जतायी तथा समर कैंप की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।29 मई तक चलने वाला यह 10 दिवसीय कैंप प्रतिभा खोज के एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में भी कार्य करेगा, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन टाटा स्टील फाउंडेशन जामाडोबा के ग्रासरूट एवं यूथ डेवलपमेंट स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा।
