धनबाद।गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गोसाईडीह स्थित मिनरवा डिजिटल परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को एक बड़ी तकनीकी लापरवाही सामने आई। एसएससी (SSC) द्वारा आयोजित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, एसएसएफ और असम राइफल्स में कांस्टेबल (जीडी) भर्ती की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) को जेनरेटर की खराबी के कारण बीच में ही रद्द करना पड़ा। इस तकनीकी समस्या से परीक्षा दे रहे सभी 155 अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं।

तीन बार बंद हुआ जेनरेटर, आधे घंटे बाद ठप हुए कंप्यूटर
शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे की तीसरी पाली की परीक्षा तय समयानुसार शुरू हुई थी। लेकिन परीक्षा शुरू होने के महज 30 मिनट बाद ही केंद्र का मुख्य जेनरेटर तकनीकी खराबी के कारण अचानक बंद हो गया। इससे सभी कंप्यूटर सिस्टम बंद हो गए और परीक्षा रुक गई। प्रबंधन ने दोबारा जेनरेटर चालू किया, लेकिन वह फिर बंद हो गया। ऐसा लगातार तीन बार होने से अभ्यर्थियों का कीमती समय बर्बाद हुआ और उनका आक्रोश फूट पड़ा।
हंगामे के बाद पुलिस का हस्तक्षेप, दोबारा होगी परीक्षा
सिस्टम बार-बार बंद होने से नाराज अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र पर जमकर हंगामा किया और सिटी कोआर्डिनेटर रविन्द्र कुमार सिंह का घेराव कर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक चले इस हंगामे को शांत कराने के लिए पुलिस बल को बुलाना पड़ा। प्रशासन के हस्तक्षेप और समझाने के बाद स्थिति सामान्य हुई।इस बीच, सिटी कोआर्डिनेटर ने मामले की जानकारी एसएससी के कोलकाता क्षेत्रीय कार्यालय को दी, जिसके बाद क्षेत्रीय निदेशक कार्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीसरी पाली की परीक्षा को तत्काल रद्द करने का आदेश जारी कर दिया। एसएससी ने आश्वासन दिया है कि इस तकनीकी खराबी से प्रभावित हुए सभी 155 अभ्यर्थियों की परीक्षा भविष्य में दोबारा आयोजित की जाएगी।
