गोविंदपुर/धनबाद । भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) दुर्गापुर के प्रोजेक्ट डायरेक्टर द्वारा गोविंदपुर के दुकानदारों और मकान मालिकों को दिए गए नोटिस के खिलाफ स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। इस संबंध में सोमवार को नागरिक समिति के पूर्व अध्यक्ष शरत दुदनी की अध्यक्षता में ‘गगन वाणी’ परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नोटिस की विसंगतियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया गया।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि परियोजना निदेशक द्वारा 31 मार्च 2026 को हस्ताक्षरित नोटिस करीब दो महीने की देरी से लोगों को दिया जा रहा है। इस नोटिस में भारी विरोधाभास है और कहीं भी यह स्पष्ट नहीं है कि किस व्यक्ति का कितना अतिक्रमण है। हद तो यह है कि उन लोगों को भी नोटिस थमा दिया गया है, जिन्होंने एनएचएआई की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं किया है।शरत दुदनी ने मांग की कि जीटी रोड के दोनों ओर एनएचएआई की कितनी जमीन है, इसकी सरकारी अमीन से मापी कराई जानी चाहिए। साथ ही प्रोजेक्ट डायरेक्टर स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर जनता के साथ बैठक करें और इस भ्रम को दूर करें।समिति ने साफ किया कि बाजार क्षेत्र में एलिवेटेड रोड का निर्माण सड़क परिवहन मंत्रालय की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके लिए नागरिक समिति लंबे समय से प्रयासरत थी। जनता इसके कार्यान्वयन में पूरा सहयोग करेगी, लेकिन निर्माण के दौरान सुरक्षा का पूरा ख्याल रखा जाए और काम जल्द पूरा हो।बैठक का स्वागत कोषाध्यक्ष जितेश जायसवाल एवं अमरदीप सिंह ने किया। मौके पर राजेश जायसवाल, बुबाई दत्ता, जग्गू साव सहित दर्जनों प्रभावितों ने विचार रखे। बाद में पूर्व सांसद पीएन सिंह, तारा देवी, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहन कुंभकार, बलदेव महतो, सुमिता दास और ओमप्रकाश बजाज ने भी पहुंचकर नागरिकों की मांगों का समर्थन किया
