कुमारधुबी। सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ और ‘फॉलोअर्स’ की ऐसी अंधी दौड़ मची है कि लोग जिम्मेदारी और सामाजिक मर्यादा को ताक पर रखने से भी बाज नहीं आ रहे। ताजा मामला कुमारधुबी बाजार का है, जिसे कुछ तथाकथित कंटेंट क्रिएटर्स ने रील बनाने का अड्डा बना दिया है। हद तो तब हो गई जब कुछ युवक महिलाओं और लड़कियों का वेश धारण कर (लेडीज गेटअप में) बीच बाजार थिरकने और वीडियो बनाने लगे। रीलबाजों की इस गैरजिम्मेदाराना हरकत और अश्लीलता से बाजार आने वाले राहगीर, खासकर महिलाएं और परिवार बेहद असहज और परेशान हैं।तस्वीरें गवाह हैं कि कैसे लड़के लड़कियों के कपड़े पहनकर बीच सड़क पर अजीबो-गरीब डांस और अभिनय कर रहे हैं। मजे की बात यह है कि सोशल मीडिया पर ‘फेमस’ होने का यह भूत इन पर इस कदर सवार है कि इन्हें राह चलती महिलाओं की निजता का भी ख्याल नहीं है। कैमरे चमकाते हुए ये रीलबाज जानबूझकर महिलाओं और युवतियों के करीब चले जाते हैं, जिससे खरीदारी करने आईं महिलाओं को भारी शर्मिंदगी और परेशानी झेलनी पड़ रही है। एक महिला ग्राहक ने तंग आकर बताया कि मना करने के बाद भी ये लोग कैमरा लेकर पीछे पड़ जाते हैं।इस हुड़दंग से स्थानीय दुकानदार भी त्रस्त हैं। दुकानों के आगे रीलबाजों के ड्रामे और तमाशबीन भीड़ के कारण ग्राहक दुकानों में आने से कतराने लगे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।स्थानीय जागरूक नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि सार्वजनिक स्थलों पर इस तरह माहौल खराब करने और राहगीरों को परेशान करने वाले इन मनचलों को चिह्नित कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि बाजार की सुरक्षा और मर्यादा बनी रहे।
