झरिया। कोयलांचल के झरिया में टोटो चालकों की मनमानी और दबंगई इस कदर बढ़ गई है कि अब आम राहगीरों का सड़कों पर चलना दूभर हो गया है। ताजा मामला रविवार देर शाम का है, जहां झरिया चार नंबर टेंपो स्टैंड के पास बीच सड़क पर दो टोटो चालक आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि वे सड़क पर ही एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे।इस सरेराह गुंडागर्दी के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भीषण जाम का सामना करना पड़ा। लगभग आधे घंटे तक लोग सड़कों पर फंसे रहे, जिससे इलाके की विधि-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।घटना की सूचना मिलते ही झरिया थाना की गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख एक टोटो चालक अपनी गाड़ी लेकर भागने में सफल रहा। वहीं, मुस्तैद जवानों ने दूसरे टोटो चालक को टोटो समेत दबोच लिया और उसे हिरासत में लेकर झरिया थाना ले आई।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में टोटो चालकों की बढ़ती संख्या और स्टैंड पर जगह के विवाद के कारण अक्सर ऐसी झड़पें होती हैं, जो शहर की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन चुकी हैं। पुलिस फिलहाल पकड़े गए चालक से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
