झरिया: नवरात्रि के स्वागत की तैयारी में झरिया अभी से झूमने लगा है। मारवाड़ी युवा मंच (झरिया शाखा) और इजी स्टेप्स डांस एकेडमी की ओर से महिलाओं और युवतियों के लिए 6 दिनों की मुफ्त गरबा व डांडिया वर्कशॉप सोमवार से शुरू हो गई। पहले ही दिन महिलाओं और बच्चियों ने पूरे जोश के साथ जमकर डांडिया की ताल पर कदम मिलाए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप जलाकर की गई। इस मौके पर मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त सचिव मोहित अग्रवाल, राष्ट्रीय संयोजक विवेक लील्हा, प्रांतीय संयोजक डॉ. मनीष शर्मा, शाखा अध्यक्ष किरण शर्मा और कार्यक्रम संयोजक निक्की अग्रवाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पहले दिन डांस ट्रेनर आबदा परवीन और राखी ने प्रतिभागियों को गरबा और डांडिया के बुनियादी स्टेप्स, ताल और हाथों के मूवमेंट सिखाए। संगीत की धुन बजते ही माहौल उत्सव जैसा हो गया।
ट्रेनर आबदा परवीन ने कहा कि डांडिया और गरबा केवल डांस नहीं, बल्कि हमारी परंपरा और खुशियों को साथ मिलकर मनाने का जरिया है। हमारा मकसद है कि हर महिला और बच्ची बिना किसी झिझक और बिना किसी खर्च के इसे सीखे और त्योहार में पूरे आत्मविश्वास के साथ हिस्सा ले। पहले दिन का उत्साह देखकर बहुत अच्छा लगा, आगे और भी नए स्टेप्स सिखाए जाएंगे।
आयोजकों ने बताया कि महिलाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने और उनका हौसला बढ़ाने के लिए यह पहल की गई है। यह फ्री वर्कशॉप 10 अक्टूबर तक रोज सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी। कार्यक्रम में शाखा सचिव सन्नी अग्रवाल, खुशबू अग्रवाल, विनीता लील्हा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
