धनबाद। अभिनेत्री मालविका शर्मा से एक फिल्म प्रमोशन के दौरान बीफ को लेकर पूछे गए सवाल पर गौसेवक अनिल खेमका ने कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि मालविका शर्मा का गौमाता के प्रति गहरा लगाव रहा है। वह झरिया-धनबाद गौशाला में तुलादान और गौसेवा से जुड़ी रही हैं, जो उनके गौप्रेम और आस्था को साफ दिखाता है। ऐसे में उनसे इस तरह का सवाल पूछना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गलत है।

अनिल खेमका ने कहा कि पत्रकारिता में सवाल पूछना जरूरी है, लेकिन सवालों की भाषा और विषय की संवेदनशीलता का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी है। गौमाता करोड़ों लोगों की आस्था और श्रद्धा का केंद्र हैं, इसलिए उनसे जुड़े मामलों पर बेवजह विवाद पैदा करने वाले सवालों से बचना चाहिए।
उन्होंने केरल में हुए फिल्म प्रमोशन के दौरान पूछे गए इस सवाल की कड़े शब्दों में निंदा की। उनका कहना है कि किसी कलाकार से उसके काम और फिल्म से जुड़े सवाल ही पूछे जाने चाहिए। धार्मिक और भावनात्मक मुद्दों पर सवाल करते समय मर्यादा का ध्यान रखा जाना बेहद जरूरी है।
उन्होंने आगे कहा कि हम किसी की निजी पसंद या खान-पान पर कोई टिप्पणी नहीं कर रहे, लेकिन गौमाता के प्रति जो हमारी आस्था और भावनाएं हैं, उनका सम्मान हर हाल में होना चाहिए। उन्होंने सभी से संयम और आपसी सम्मान बनाए रखने की अपील की।
