झरिया (धनबाद)l झरिया के आमलापाड़ा की दो होनहार बेटियों—पारुल जोशी और श्रुति शर्मा—ने CMA फाइनल परीक्षा उत्तीर्ण कर कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट (CMA) बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिवारों में, बल्कि पूरे झरिया क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। पारुल जोशी, विजय जोशी एवं श्रीमती बेबी जोशी की सुपुत्री हैं। वहीं श्रुति शर्मा, महेश शर्मा एवं श्रीमती सुनीता शर्मा की सुपुत्री हैं। दोनों ही छात्राएं झरिया के आमलापाड़ा की निवासी हैं।शिक्षा के सफर की बात करें तो दोनों ने अपनी 11वीं और 12वीं की पढ़ाई राजकमल सरस्वती विद्या मंदिर, धनबाद से पूरी की। इसके बाद उन्होंने झरिया स्थित मनीष कोचिंग सेंटर से डॉ. मनीष शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में CMA की तैयारी की। छात्राओं की सफलता पर मनीष कोचिंग सेंटर के संचालक डॉ. मनीष शर्मा ने अपार प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा, “पारुल और श्रुति की निरंतर कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट समर्पण का ही परिणाम है कि आज दोनों ने यह मुकाम हासिल किया है।” उन्होंने दोनों बेटियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे आगे भी अपने परिवार, समाज और पूरे झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी।
इस बड़ी उपलब्धि पर क्षेत्र के कई सामाजिक संगठनों और गणमान्य व्यक्तियों ने खुशी जताई। मारवाड़ी युवा मंच (झरिया शाखा) की अध्यक्ष श्रीमती किरण शर्मा, मारवाड़ी सम्मेलन (झरिया) के पूर्व अध्यक्ष राज कुमार अग्रवाल, विवेक लिल्हा, मारवाड़ी ब्राह्मण धर्मशाला के अध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने सफल छात्राओं और उनके माता-पिता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं।
पारुल जोशी: “जीवन में परिस्थितियों से कभी हार नहीं माननी चाहिए। यदि मन में धैर्य हो और लगन के साथ मेहनत की जाए, तो सफलता अवश्य कदम चूमती है।”
श्रुति शर्मा: “आज के दौर में जीवन में बेहतर करने के लिए रेगुलर कोर्स के अलावा प्रोफेशनल कोर्स करना भी बेहद जरूरी है। अपनी पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति बस दिल से मेहनत करें, नतीजे हमेशा सकारात्मक मिलेंगे।”
