झरिया /बेलगड़िया। अखिल भारतीय गायत्री परिवार के तत्वावधान में आज, 14 जून 2026 को आमटाल बेलगड़िया स्थित सुखवर्षा सिटी क्लब हाउस में 5 कुण्डीय राष्ट्रीय शौर्य समृद्धि गायत्री महायज्ञ एवं श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ।महायज्ञ के प्रथम दिन प्रातः 06:00 बजे भव्य मंगल कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा में लगभग 500 महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा की शुरुआत मुख्य अतिथि और स्थानीय मुखिया संजय गोराई द्वारा धर्मध्वजा फहराकर की गई। इसके बाद भग्राम तालाब (जलाशय) में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन कर 150 से अधिक कलशों में जल भरा गया। कलश यात्रा में 200 से अधिक अनन्य भक्त शामिल हुए, जिनमें महिलाएं 24 मुख्य कलश सहित अन्य कलशों को सिर पर धारण कर जयकारे लगाते हुए चल रही थीं। इस पावन अवसर पर अमृतसन गायत्री परिवार द्वारा मुखिया संजय गोराई को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलश यात्रा के समापन के बाद प्रातः 08:00 बजे देवपूजन एवं गायत्री महायज्ञ का विधि-विधान से आह्वान किया गया।
महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन संध्या 06:00 बजे से युग संगीत एवं श्रीमद् पावन प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा वाचन एवं यज्ञ संचालन के लिए पधारी विदुषी टोली में मुख्य रूप से टोली नायक प्रो. भरत प्रसाद, प्रो. अरविंद, संयुक्ता देवी, सरिता झा और मंजू बहन शामिल हैं।
इस धार्मिक अनुष्ठान के सफल आयोजन में आयोजक आशा देवी के साथ-साथ गायत्री परिवार के सक्रिय कार्यकर्ता राम शंकर शर्मा, मंटू सिंह, कृष्णा साव, बीरेन्द्र कुमार गुप्ता, कपिल शर्मा, राजेश कुमार, बीरेन्द्र (मास्टर जी), रामाशीष प्रसाद, राजेन्द्र जी, महेंद्र पंडित, प्रकाश जी, हीरा बरनवाल, गोस्वामी जी, लगनी देवी, जी.एन. लाल और आर. के. लाल सहित समस्त क्षेत्रवासी सराहनीय योगदान दे रहे हैं।