झरिया में अवैध जमीन कब्जा और गोलीबारी की घटना पर सांसद ने जताई नाराजगी
झरिया। आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कथित रूप से जबरन जमीन कब्जाने तथा दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना का जायजा लेने धनबाद के सांसद ढुलू महतो बुधवार को घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों और परिजनों से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली।सांसद ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झरिया एवं कोयलांचल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आउटसोर्सिंग कंपनियों के संरक्षण में गरीबों की जमीन पर जबरन कब्जा किया जा रहा है तथा विरोध करने वालों को डराने-धमकाने के लिए गोलीबारी जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल साबित हो रहा है।सांसद ने कहा कि यदि शीघ्र ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और ग्रामीणों को न्याय नहीं मिला, तो वे इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरेंगे तथा डीसी कार्यालय का चक्का जाम करेंगे।
इसके बाद वे घनूडीह ओपी थाना पहुंचे। वहां 11 नवंबर 2025 को पांडे बेड़ा में हुई हत्या के मामले में पुलिस अनुसंधान में कथित कोताही और लापरवाही के विरोध में मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर झरिया-बलियापुर मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर लेट गए थे। इस पर सांसद ढुलू महतो ने धनबाद के एसपी से दूरभाष पर बात कर परिजनों को निष्पक्ष एवं संतोषजनक जांच का आश्वासन दिलाने का आग्रह किया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो गया।
इसके पश्चात सांसद कुम्हार पट्टी पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में प्रतिदिन रात के समय लगभग 100 गाड़ियों से कोयले की चोरी की जाती है तथा विरोध करने पर उन्हें प्रताड़ित किया जाता है।सांसद ने बीसीसीएल के अध्यक्ष से दूरभाष पर वार्ता कर बताया कि किस प्रकार कोयला चोरी को बढ़ावा देने के लिए अनावश्यक रूप से सड़क खोल दी गई है। उन्होंने इस संबंध में एक वीडियो क्लिप भी उन्हें भेजी। वहीं, क्षेत्र संख्या-10 के महाप्रबंधक को फोन पर फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि उक्त रास्ते को अविलंब बंद किया जाए, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।मौके पर पूर्व पार्षद अनूप साव, सांसद प्रतिनिधि संजू वर्मा, मंडल अध्यक्ष अवधेश साव, श्रीराम गोराई, राज चौहान, सत्येंद्र गुप्ता, अमित साव, सूरज भुइयां, विनोद पासवान, अनुज गोराई, भोला सेन मोदक, लीला बाउरी, मिथुन राम, प्रेम राम, रवि वर्मा, मंटू राम, शत्रुघ्न मालाकार, अभिषेक पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
