झरिया।भौरा एरिया महाप्रबंधक (जीएम) कार्यालय में जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के महामंत्री अभिषेक सिंह के नेतृत्व में मजदूरों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर एक अहम वार्ता हुई। इस बैठक में बीसीसीएल और भौंरा एरिया के जीएम समेत कई यूनियन नेता, रैयत, ग्रामीण और दोनों वार्डों के पार्षद मुख्य रूप से मौजूद रहे।वार्ता के दौरान जनता मजदूर संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह ने ग्रामीणों और जनहित से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को जीएम के सामने रखा। उन्होंने बताया कि भौंरा एरिया कार्यालय के बगल में मुख्य सड़क पर स्थित कांटाघर (वेब्रिज) के कारण आए दिन सड़क जाम, भारी प्रदूषण और सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। यूनियन ने मांग की कि इस कांटाघर को तुरंत बंद किया जाए और इसके बदले बीसीसीएल द्वारा संचालित 6 नंबर एवं 19 नंबर कांटाघरों से ही तौल (कांटा) कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।इसके साथ ही, वार्ता में श्याम एंड सेल्स कंपनी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। आरोप लगाया गया कि कंपनी तय डिपो से माल लोड न करके कहीं और से लोडिंग कर रही है। यूनियन ने मांग की कि टाटा स्टील और अन्य डीओ होल्डर्स की तरह ही स्टॉक क्वालिटी की जांच होने के बाद डिपो से ही माल लोड कराया जाए, किसी अन्य जगह से नहीं।
जीएम ने दिया जांच का आश्वासन: मामले पर बीसीसीएल भौंरा क्षेत्र के जीएम ने बताया कि यूनियन नेताओं और ग्रामीणों के साथ कई मुद्दों पर सकारात्मक बातचीत हुई है। कांटाघर और श्याम एंड सेल्स से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। कांटाघर में कोयला चोरी की शिकायतों और भौंरा लैब होने के बावजूद श्याम सेल्स के मामले में आ रही अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी। सभी जायज समस्याओं पर जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।
