बागडिगी कोलियरी में मैन्युअल लोडिंग की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन, 6 घंटे ठप रहा ट्रांसपोर्टिंग कार्य
धनबाद/लोदना। बीसीसीएल (BCCL) लोदना क्षेत्र के अंतर्गत बागडिगी कोलियरी में मैन्युअल लोडिंग चालू करने की मांग को लेकर मजदूरों और प्रबंधन के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के संगठित मोर्चा के कोलियरी सचिव सूरज भूइयां के आह्वान पर मजदूरों ने बुधवार को कोयला ट्रांसपोर्टिंग के कार्य को अनिश्चित काल के लिए पूरी तरह से ठप कर दिया और प्रबंधन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पूर्व पार्षद अनूप साव ने तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि मजदूरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रबंधन को माफिया के इशारे पर काम करना बंद करना होगा। ट्रांसपोर्टिंग ठप होने की सूचना मिलते ही प्रबंधन तुरंत हरकत में आया। अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित मजदूरों ने उनकी एक न सुनी। बाद में, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर परियोजना पदाधिकारी (पीओ) अनिल कुमार ने यूनियन को एक आधिकारिक पत्र जारी किया। पत्र में आगामी 18 जून को वार्ता करने और उचित कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया गया।इस पूरी वस्तुस्थिति और मजदूरों की समस्याओं की सूचना स्थानीय माननीय सांसद श्री ढुल्लू महतो जी को भी दी गई। प्रबंधन के लिखित आश्वासन और उचित पहल के बाद, करीब छह घंटे से ठप पड़ा ट्रांसपोर्टिंग का काम दोबारा शुरू हो सका। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मुख्य रूप से सूरज कुमार भुइयां, पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, सांसद प्रतिनिधि श्रीराम गोराई, उज्जवल मंडल, गफ्फार अंसारी, जितेंद्र प्रसाद, रंजन साहू, सूरजदीप पासवान, आमिर मलिक, अरुण कुमार भुईयां, धीरज कुमार, सन्नी कुमार पासवान, सूरज कुमार, गणेश पासवान, अवधेश पासवान, दीपक पासवान, शंभू पासी, वेणु पासवान, दीपक कुमार पासवान, टुनटुन मिस्त्री, रेखा देवी, सुनीता देवी, आरती देवी, वासु देवी एवं नगीना देवी आदि थे।
