संभल l वर्ष 1978 के सांप्रदायिक दंगे में अपना सब कुछ गंवा चुके एक पीड़ित परिवार के जख्मों पर आखिरकार प्रशासन ने मरहम लगाया है। दंगे में मारे गए व्यापारी रामशरण रस्तोगी के परिवार को जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने शेर खां सराय में 100 वर्ग मीटर भूमि के आवासीय पट्टे का प्रमाण पत्र सौंपा है। भूमि आवंटन के बाद वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ घर की नींव रखी गई। अब यह परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाकर दोबारा संभल में बसने की तैयारी कर रहा है.
1978 के दंगे में उजड़ गया था परिवार: कोटपूर्वी निवासी परचून व्यापारी रामशरण रस्तोगी की 29 मार्च 1978 को दंगे के दौरान उपद्रवियों ने हत्या कर दी थी और उनका शव कुएं में फेंक दिया था। उपद्रवियों ने उनकी दुकान और घर को भी आग के हवाले कर दिया था। घटना के बाद लगातार मिल रही धमकियों के चलते पीड़ित परिवार साल 2005 में संभल छोड़कर गाजियाबाद पलायन कर गया था।-
न्यायिक आयोग के सामने उठाई थी मांग: हाल ही में 24 नवंबर 2024 को संभल में हुई हिंसा की जांच के लिए गठित न्यायिक आयोग के समक्ष मृतक के पौत्र कपिल ने भूमि आवंटन की मांग उठाई थी। इस मांग पर संज्ञान लेते हुए शासन-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की और पीड़ित परिवार को उनकी पुश्तैनी जमीन के बदले नया ठिकाना मुहैया कराया।
