महुदा। धनबाद के काको मोड़, कतरास में 31 मई को आयोजित एक दिवसीय धनबाद क्लासिक पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में महुदा बाजार के युवा खिलाड़ी शुभम गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-16 आयु वर्ग की 53 किलोग्राम श्रेणी में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। शुभम ने बेंच प्रेस में 90 किलोग्राम वजन उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। शुभम की इस उपलब्धि के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और नियमित प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर महुदा के समाजसेवी सह जिम संचालक रमेश कुमार महतो ने कहा कि उनके जिम में खिलाड़ियों को व्यवस्थित और तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाता है। शुभम ने अपनी लगन, अनुशासन और मेहनत के बल पर न केवल जिम बल्कि पूरे महुदा और बाघमारा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में शुभम राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। शुभम की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उन्हें बधाई देने वालों में रमेश महतो, मो० रौशन जमील, गुलाम मुस्तफा, सागर सिंह, गुड्डु, कल्लू, उदय सिंह, सुशांत प्रकाश यादव सहित कई खेल प्रेमी और स्थानीय लोग शामिल हैं। खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने शुभम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
