धनबाद। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार ने शुक्रवार को गोमो के हरिहरपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के दस्तावेजों के रख-रखाव, पुलिस गश्ती और दर्ज मामलों की समीक्षा की। साथ ही, प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा के प्रशिक्षण कार्यकाल की समाप्ति पर दस्तावेजों का सत्यापन कर निष्पादन किया। एसएसपी ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली को संतोषजनक बताया।
निरीक्षण के दौरान, पुलिस द्वारा बरामद किए गए चोरी के आठ मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों (वर्षा रानी, सुरेश महतो, नुमान अहमद, आयुष नायक, अभिनव कुमार और सोनू कुमार) को वापस सौंपे गए। करीब एक साल पहले चोरी हुए अपने मोबाइल पाकर लोगों ने खुशी जताई और पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि धनबाद जिला पुलिस गायब और चोरी हुए मोबाइलों की रिकवरी पर लगातार काम कर रही है। अब तक विभिन्न थाना क्षेत्रों से लगभग तीन हजार मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही एक विशेष शिविर का आयोजन कर बरामद किए गए अन्य मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा जाएगा। इस मौके पर इंस्पेक्टर असीम कमल तोपनो सहित थाने के कई अधिकारी और जवान उपस्थित थे।
