झरिया। धनबाद लोकसभा सांसद ढुल्लू महतो के निर्देशानुसार भाजपा झरिया नगर अध्यक्ष अवधेश साव की अध्यक्षता में झरिया नगर के एक प्रतिनिधिमंडल ने झरिया वाटर बोर्ड के सहायक अभियंता कृपा शंकर एवं कनिष्ठ अभियंता सुनील से मुलाकात की। इस दौरान झरिया में हो रही अनियमित और आंशिक जलापूर्ति के संदर्भ में सकारात्मक वार्ता हुई।प्रतिनिधिमंडल ने अभियंताओं को बताया कि आए दिन झरिया में विभिन्न कारणों से जलापूर्ति बाधित रहती है, जिसके कारण स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।वार्ता के दौरान सहायक अभियंता कृपा शंकर ने कहा कि यदि वाटर बोर्ड को डीवीसी (DVC) से सीधी बिजली आपूर्ति मिले, तो पूर्ण रूप से जल भंडारण किया जा सकेगा। ऐसा होने पर सुबह और शाम, दोनों समय जलापूर्ति संभव हो पाएगी और सभी मोहल्लों तक पानी पहुँच सकेगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वर्तमान में जो भी कमियाँ हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर करने का प्रयास किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि वे सहायक अभियंता की इस बात से सांसद को अवगत कराएंगे ताकि बिजली की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।इस प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से सरवन राम चंद्रवंशी, अरुण जायसवाल, अमित साव, अजय वर्मा, पूर्व पार्षद अनूप साव, रंजन साव, भोला सेन, शत्रुघ्न मालाकार, विशाल जायसवाल और पिंटू बर्मन उपस्थित थे।
