रानीगंज। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए सामाजिक संस्था फ्रेंड्स क्लब और रोटरी इंटरनेशनल की महिला विंग इनरव्हील क्लब ने जहरीले पार्थेनियम (गाजर घास) को नष्ट करने का बीड़ा उठाया है। गुरुवार को आलूगोरिया प्राइमरी हेल्थ सेंटर में इस अभियान की शुरुआत की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनोज शर्मा ने संस्थाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे एक जन-आंदोलन का रूप देने की अपील की।पार्थेनियम के खतरों पर प्रकाश डालते हुए फ्रेंड्स क्लब के महासचिव अनूप सराफ ने कहा कि यह पौधा इंसानों में त्वचा रोग, दमा और एलर्जी का कारण बनता है। साथ ही, यह जमीन की उर्वरता को घटाता है और दूसरी वनस्पतियों को पनपने नहीं देता।
अभियान की मुख्य बातें
पशुधन को नुकसान:प्रोजेक्ट चेयरमैन वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि कोयलांचल के मैदानों और पार्कों में यह भारी मात्रा में मौजूद है। इसे खाने से गौमाता के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुंचता है। दूध में कड़वाहट आ जाती है।
जन-जागरूकता पर जोर: इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष अनीशा दुबे भुवालका और श्वेता बरनवाल ने कहा कि शहर को इस प्रकोप से बचाने के लिए नागरिकों को जागरूक करना बेहद जरूरी है।फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष सरदार दलजीत सिंह वाधवा ने स्कूलों, क्लबों और आम नागरिकों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील की है। संस्था जल्द ही इसके लिए व्यापक श्रमदान अभियान चलाएगी। मौके पर मनीष अग्रवाल, गणेश गुप्ता सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
