कतरास।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की कतरास कॉलेज इकाई द्वारा गुरुवार को झारखंड सरकार के प्रस्तावित क्लस्टर सिस्टम के विरोध में कतरास कॉलेज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कॉलेज अध्यक्ष सीमा कुमारी ने किया। इस दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री सुधीर सोनू का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और सरकार के फैसले को छात्र विरोधी बताते हुए आक्रोश व्यक्त किया। परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम लागू होने से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। साथ ही छात्राओं को दूसरे कॉलेजों में जाकर पढ़ाई करने में सुरक्षा एवं आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।कार्यक्रम में मुख्य रूप से अभाविप झारखंड के प्रादेशिक विश्वविद्यालय सह संयोजक शुभम हजारी उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक CBCS एवं नई शिक्षा नीति (NEP) को सही तरीके से लागू नहीं कर सकी है, ऐसे में क्लस्टर सिस्टम को सफलतापूर्वक लागू करना संभव नहीं दिखता। उन्होंने आरोप लगाया कि BBMKU के कई अंगीभूत कॉलेजों में आज तक छात्रों के लिए पर्याप्त हॉस्टल, परिवहन एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।शुभम हजारी ने कहा कि क्लस्टर सिस्टम छात्रों के भविष्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। यदि 24 घंटे के भीतर सरकार इस निर्णय को वापस नहीं लेती है, तो विद्यार्थी परिषद राज्यव्यापी उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि परिषद सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने को बाध्य होगी।अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा शिक्षा बचाने के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।कार्यक्रम में परिषद के कई कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में क्लस्टर सिस्टम वापस लेने की मांग की।
