धनबाद, मुख्य संवाददाता। रणधीर वर्मा स्टेडियम में रात के समय पसरा रहने वाला अंधेरा अब दूर हो गया है। धनबाद विधायक राज सिन्हा की शिकायत पर मेयर संजीव सिंह ने त्वरित कार्रवाई (क्विक एक्शन) करते हुए स्टेडियम की सभी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू करवा दिया है।विधायक ने मेयर को सौंपी थी खामियों की सूचीशनिवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर मेयर संजीव सिंह से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने मेयर को रणधीर वर्मा स्टेडियम में व्याप्त कई बुनियादी खामियों से अवगत कराया। विधायक ने विशेष रूप से ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि स्टेडियम की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे पूरा परिसर शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है। लाइटें न जलने के कारण यहाँ आने वाले खिलाड़ियों, मॉर्निंग/इवनिंग वॉकर्स और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।शिकायत मिलते ही हरकत में आया निगम प्रशासनमामले की गंभीरता को देखते हुए मेयर संजीव सिंह ने बिना समय गंवाए तुरंत ‘क्विक एक्शन’ लिया। उन्होंने नगर निगम के संबंधित तकनीकी कर्मियों और बिजली विभाग की टीम को तत्काल रणधीर वर्मा स्टेडियम कूच करने का निर्देश दिया। मेयर के आदेश पर निगम की टीम ने युद्धस्तर पर काम करते हुए स्टेडियम की सभी खराब लाइटों को ठीक किया और पूरे परिसर को दूधिया रोशनी से चमका दिया।
