झरिया: मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा के सत्र 2026-27 के लिए श्रीमती किरण शर्मा को 39वीं अध्यक्ष निर्वाचित किया गया है। चुनाव अधिकारी श्री असीम अग्रवाल ने इसकी औपचारिक घोषणा की। निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए पाँच पूर्व अध्यक्षों की एक विशेष समिति बनाई गई थी।
श्रीमती किरण शर्मा ने पिछले सत्र में कोषाध्यक्ष के रूप में बेहतरीन कार्य किया था। एक कुशल गृहिणी होने के साथ-साथ उनकी संगठनात्मक क्षमता और सामाजिक कार्यों के प्रति समर्पण को देखते हुए सदस्यों में भारी उत्साह है।
सर्वश्रेष्ठ शाखा का गौरव प्राप्त
उल्लेखनीय है कि 25 जून 1985 को स्थापित इस शाखा को सत्र 2025-26 के लिए प्रांतीय स्तर पर “सर्वश्रेष्ठ शाखा” का पुरस्कार मिला है। साथ ही निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा को “श्रेष्ठ शाखा अध्यक्ष” के सम्मान से नवाजा गया है। डॉ. शर्मा ने बताया कि जल्द ही शपथ ग्रहण समारोह आयोजित कर विधिवत पद हस्तांतरण किया जाएगा।
बधाइयों का तांता: इस ऐतिहासिक चयन पर प्रांतीय अध्यक्ष श्री विशाल पाडिया, प्रांतीय उपाध्यक्ष आदित्य अग्रवाल, स्वेता जालान सहित मारवाड़ी सम्मेलन और क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने नव-निर्वाचित अध्यक्षा को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
